गौरतलब है कि शुक्रवार की रात करखियांव एग्रो पार्क स्थित सीएनजी पंप के यार्ड में भीषण आग लग गई थी। बताया गया कि यार्ड के पीछे स्थित प्लास्टिक पाइप के गोदाम में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे यार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। सीएनजी पंप से महज 50 मीटर की दूरी पर लगी आग ने आसपास के उद्योगों और राहगीरों में दहशत फैला दी थी।
घटना की सूचना पर वाराणसी और जौनपुर से दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बिजली निगम के चार खंभे और तार जलकर नष्ट हो गए, जिससे विभाग को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। वहीं गेल को करीब 10 करोड़ रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।