उत्तर प्रदेश के जौनपुर में संचालित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी 41 महिलाओं की फर्जी आईडी पर सवा 10 लाख लेकर फरार हो गया। शाखा प्रबंधक ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिले के मछलीशहर में फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फील्ड आफिसर के पद पर तैनात वाराणसी निवासी अमित राय 25 अक्तूबर 2018 को कंपनी को बिनी कोई सूचना दिए घर चला गया। वह अभी तक लौटकर नहीं आया। फील्ड आफिसर के लंबे समय तक बिना किसी सूचना के गायब होने से फाइनेंस कंपनी के अधिकारी भी हैरान हो गए।
उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि अमित राय ने फरवरी 2018 से कंपनी में फील्ड आफिसर के पद पर तैनात था। इस दौरान उसके द्वावार 300 लोगों को कर्ज दिया गया है।
कर्ज लेने वालों की जांच की गई तो 41 पत्रावलियां ऐसी मिली जिसमें फर्जी पहचान पत्र लगाकर ऋण ले लिया गया है। ऋण लेने के लिए जिस पहचान पत्र का इस्तेमाल किया गया है उस नाम पते की इलाके में कोई महिला ही नहीं मिल रही है।