बीएचयू में छात्रा से छेड़खानी होने के बाद छात्राओं के धरना देने पर वीसी लॉज और महिला महाविद्यालय पर छात्राओं पर लाठीचार्ज की घटना से देश भर में किरकिरी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन डैमेज कंट्रोल में जुट गया है।
40 घंटे तक धरने पर बैठी छात्राएं कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी को अपने बीच बुलाकर सुरक्षा का आश्वासन चाह रही थी लेकिन वह नहीं गए। बुधवार को प्रो. त्रिपाठी त्रिवेणी हॉस्टल में पहुंचे और छात्राओं की समस्या सुनने के साथ ही उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया।
यही नहीं, अब छात्राओं को वीमेन ग्रीवांस सेल का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर (8004922000) भी बताया जा रहा है। विश्वविद्यालय में एक सप्ताह के भीतर हुए घटनाक्रम को यहां पढ़ने वाली छात्राएं शायद ही कभी भुला सकेंगी।
पहले 19 सितंबर को नवीन महिला छात्रावास की खिड़कियों पर छात्रों द्वारा पत्थरबाजी की शिकायत, फिर 21 सितंबर को शाम छह बजे भारत कला भवन चौराहे के पास शाम छह बजे त्रिवेणी हॉस्टल की छात्रा के साथ छेड़खानी हो जाती है।
छेड़खानी की शिकार छात्रा की शिकायत में साफ कहा गया था कि सुरक्षा गार्डों ने उस समय घटना को नजरअंदाज कर दिया था। अब डैमेज कंट्रोल के तहत कुलपति से लेकर चीफ प्रॉक्टर और वार्डन तक छात्राओं को महिला सुरक्षा योजना, चौबीस घंटे काम करने वाले चीफ प्रॉक्टर आफिस के हेल्पलाइन नंबर (0542-2369242, 2369134), महिला सुरक्षा पर कार्यशालाओं के आयोजन की जानकारी दे रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो कोशिश की जा रही है कि अलग-अलग चल रही जांचों में छात्राएं विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ ऐसी कोई बात न कह दें, जिससे साख पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।