सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में बैनर पोस्टर नहीं हटाने पर एल्डर्स कमेटी ने नाराजगी जाहिर की है। इसके चलते कमेटी ने सोमवार को फाइनल सूची भी नहीं जारी की और रोक दी। मंगलवार की दोपहर 12 बजे सभी प्रत्याशियों की सेंट्रल बार के सभागार में बैठक बुलाई है।
एल्डर्स कमेटी के अनुसार हाईकोर्ट ने अपने आदेश में बार के चुनावों में बैनर पोस्टर पर रोक लगाया है, कहा है कि जो लोग ऐसा करते हैं उन पर बार काउंसिल एक्शन ले। एल्डर्स कमेटी ने बैनर पोस्टर हटाने के लिए प्रत्याशियों को चेताया था, ऐसा न करने पर नामांकन रद्द करने की भी चेतावनी दी थी। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव ने सहयोगी सदस्यों के साथ बैठक के बाद बैनर पोस्टर मुद्दे पर मंगलवार को बैठक बुलाई है। 20 पदों पर 59 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था और रविवार को हुई जांच में सभी के पर्चे वैध पाए गए थे।
बनारस बार एसोसिएशन चुनाव के लिए नामांकन 11 से
182 वर्ष पुराने बनारस बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन 11 दिसंबर से होगा। 12 व 13 दिसंबर तक नामांकन और 14 को जांच और 15 को नाम वापसी होगी। इसके बाद प्रत्याशियों की फाइनल सूची जारी की जाएगी। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन असफाक अहमद ने बताया कि 22 को मतदान और 23 को परिणाम घोषित होगा।