गुलशन कुमार के पुत्र और ‘टी सीरीज’ के मालिक भूषण कुमार
- फोटो : अमर उजाला
म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में ‘टी सीरीज’ जाना माना नाम है। अब इस कंपनी की बागडोर गुलशन कुमार के पुत्र और कंपनी के चेयरपर्सन भूषण कुमार हैं। भूषण कुमार फिल्म ‘भूमि’ के सह निर्माता भी हैं। बुधवार को वह ‘अमर उजाला संवाद’ कार्यक्रम में मेहमान थे।
उन्होंने कहा, मैं उन निर्माताओं में से नहीं हूं जो फ्रेश टैलेंट के साथ काम नहीं करना चाहते। मेरा मानना है कि काम करने के बाद ही किसी को अनुभव मिलता है। मुझे फ्रेश टैलेंट के साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं। शर्त ये है कि वह शानदार हो। मैं टैलेंट का सम्मान करता हूं।
2017 में नौ फिल्में बना चुके और 2018 के लिए 12 प्रोजेक्ट पर काम कर रहे फिल्म निर्माता भूषण कुमार ने कहा कि मैं बैंक से लोन लेकर या किसी दूसरे से उधार लेकर फिल्में नहीं बना रहा। फिल्म की कमाई की चिंता तो होती है लेकिन हमारा मेन फोकस दर्शक पर होता है कि उसे यह कहानी कितनी पसंद आई।
पिता गुलशन कुमार का जिक्र करने पर भावुक हो गए। कहा कि मेरे पिता ने मुझे हमेशा ‘हम’ सिखाया। टी सीरीज की सफलता मेरी टीम के कारण है। मैं अपने पिता के आसपास भी नहीं। उन्होंने बहुत बड़ा काम किया है। मैंने तो अभी कुछ भी नहीं किया, जो है पिता का दिया है।
मेरी कोशिश है फिल्में केवल मनोरजंन भर के लिए ही न हो। फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ के बारे में उन्होंने कहा कि भले ही यह फिल्म कमाई के मामले में बहुत आगे नहीं गई हो लेकिन समाज में जो असर छोड़ा, उससे बहुत शांति मिली।