लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में स्थित गोपाल कुंज के सामने रविवार की सुबह एक युवती की एक युवक राह चलते बेल्ट से पिटाई कर रहा था। युवती ने लोगों से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। लोग बीचबचाव करने लगे तो युवक उन लोगों के साथ भी उलझ गया। इस पर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों को थाने पर ले गई।
युवती ने बताया कि युवक उसके साथ रहता था और आए दिन उसकी अकारण ही पिटाई करता था। युवती घरों में चौका-बर्तन का काम करती है और युवक गार्ड का काम करता है। इस संबंध में लंका थाने की पुलिस ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कपसेठी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में शनिवार की देर रात मामूली बात को लेकर मनबढ़ों ने महिला की जमकर पिटाई की। महिला की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीला देवी के अनुसार, उनके पड़ोसी रमेश, लकी और सरिता के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। कहासुनी के दौरान ही उनकी जमकर पिटाई कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी ले जाकर इलाज कराया।