प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक ने अवैध असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान एक गोली आशीष यादव की ओर आई, जो पास में रखी एक ईंट में जा लगी। इससे वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद हमलावर युवक भागने लगे, लेकिन इसी बीच एक युवक अवनीश यादव की बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाकी आरोपी दो राउंड फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में अरुण यादव ने खरदहा निवासी अमन यादव, अवनीश यादव समेत पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (आईपीएस) मानसी दहिया ने बताया कि फायरिंग की घटना हुई है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।