वाराणसी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक अस्सी घाट पर शनिवार को दोपहर बाद एक चाय विक्रेता और रैदासी पर्यटकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची जल पुलिस ने बीच-बचाव किया।
वाराणसी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक अस्सी घाट शनिवार को एक बार फिर से अखाड़ा बना। एक चाय विक्रेता और रैदासी पर्यटकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान घाट पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। करीब 15 मिनट बाद जल पुलिस पहुंची तो मामला शांत हुआ। घटना दोपहर बाद की है। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अस्सी घाट पर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रैदासी पर्यटकों का एक जत्था नाव से पहुंचा। चाय के दाम को लेकर उनकी चाय विक्रेता से कहासुनी हो गई। बहसबाजी देखते ही देखते तनातनी में बदल गई। एक पर्यटक ने चाय विक्रेता को धक्का दे दिया। इस पर चाय विक्रेता आक्रोशित हो उठा और उसे मारने के लिए आगे बढ़ा। घाट पर मौजूद अन्य चाय विक्रेता भी उसके समर्थन में आगे आए।
इस बात से आक्रोशित पर्यटकों ने चाय विक्रेता को दबोच लिया और लात-घूंसे व जूतों-चप्पलों से हमला बोल दिया। पर्यटकों की संख्या ज्यादा होने के कारण अन्य विक्रेता मौके से हट गए। करीब 10-15 मिनट तक हंगामा चला। मौके पर पहुंची जल पुलिस ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर रैदासी पर्यटकों को रवाना किया। मारपीट में चाय विक्रेता को चोटें आईं हैं। बता दें कि संत रविदास की जयंती को लेकर शहर में रैदासी पर्यटकों की भीड़ है।