कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने लगी है। उधर, कोविड अस्पतालों में खाली बेड की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। सोमवार को यह आंकड़ा 1700 पार कर गया। ऐसे में अब मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जिले में 60 कोविड अस्पतालों में 2454 बेड पर मरीजों की भर्ती की सुविधा है।
आठ सरकारी अस्पताल में 1033 और 52 निजी अस्पतालों में 1421 बेड शामिल है। सोमवार को अस्पतालों में खाली बेड की संख्या 1749 पहुंच गई। अब अस्पताल में केवल 705 मरीज ही भर्ती हैं। सरकारी अस्पताल में 632 और निजी अस्पतालों में 1117 बेड खाली हैं। राहत की बात यह है कि इसमें 1297 बेड ऑक्सीजन और 452 वेंटिलेटर वाले बेड हैं।
वाराणसी में कोरोना टीकाकरण को लेकर युवाओं में उत्साह बढ़ता जा रहा है। यही वजह है कि जब 18 से 44 साल वालों के पंजीकरण के लिए रविवार को जैसे ही पोर्टल खोला तो देखते देखते पूरे 1 सप्ताह के स्लॉट बुक हो गए। इधर सोमवार को कुल 8657 लोगो का टीकाकरण हुआ,जिसमे सबसे ज्यादा 18 से 44 साल वाले 5016 लोग शामिल है।
शहरी और ग्रामीण इलाको में कोरोना टीकाकरण के लिए केंद्र बनाए गए हैं। 18 से 44 साल वालों के लिए पहले जहा 24 से 26 केंद्र होते थे जिसे बढ़ाकर 29 कर दिया गया है। इधर सोमवार को जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज,बीएचयू अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड सहित अन्य केन्द्रों पर टीकाकरण के लिए काउंटर खुलने से पहले लोग पहुंच गए।
काउंटर खुला तो सबने बारी बारी से टीकाकरण कराया। सीएमओ डाक्टर वीबी सिंह ने बताया कि सोमवार को 8657 लोगो को टीका लगाया। इसमे 18 वर्ष से 44 वर्ष के 5016 और 45 वर्ष से ऊपर के 3641 लाभार्थियों को टीका लगाया। इसमें से 8175 को पहली डोज और 482 को दूसरी डोज लगायी गयी। बताया कि मंगलवार को 85 केन्द्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। इसमे 18 से 44 साल वालो के लिए 29 और 45 साल से अधिक वालो के लिए 56 केंद्र बनाए गए हैं।