मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला ग्राम पंचायत के बुद्धि पूरा मोहल्ले में बृहस्पतिवार सुबह जमीन विवाद में पड़ोसियों ने कपड़े की फेरी लगाने वाले राजकुमार (55) की गला दबाकर हत्या कर दी। उसे बचाने पहुंचे उसके परिवार वालों को भी बुरी तरह पीटा जिसमें 5 लोग घायल हो गए।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव नेशनल हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। सुबह लगभग 8 बजे से शुरू हुआ जाम 11 बजे तक चला। बाद में पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी मनोज सोनकर ने भी मौके पर जा कर जांच पड़ताल की।
बुद्धिपुरा निवासी राजकुमार प्रजापति घर के सामने रखी नाद के बगल में हो गए छोटे से गड्ढे को मिट्टी से पाट रहा था। उसके पड़ोसी रामप्रवेश आदि विरोध करने लगे। राजकुमार के यह कहते ही कि वह अपनी जमीन में मिट्टी पाट रहा है पर पड़ोसी उस पर टूट पड़े और एक व्यक्ति ने सीने पर चढ़कर उसका गला दबा दिया। साथ ही कई लोगों ने लात घूंसों से राजकुमार को बुरी तरह पीटा।
हमलावरों ने उसे बचाने आई राजकुमार की पत्नी चांद मती, बेटे आकाश, उपेंद्र और भतीजे विशाल और बेटी ममता की भी पिटाई कर दी जिससे सभी घायल हो गए। राजकुमार को उसके परिवार वाले सीएचसी घोसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर लौट आए और गांव के सामने नेशनल हाईवे पर रख दिया।
ग्रामीणों ने हमलावरों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। लगभग 11 बजे एसडीएम आशुतोष राय और सीओ धनंजय मिश्रा जाम स्थल पर पहुंचे पर ग्रामीण डीएम और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे।
बाद में अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने लोगों को जबरन खदेड़ कर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस मामले में मृतक के बेटे आकाश की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी कमलेश, रामप्रवेश, सोनू ,मोनू और गोविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद हत्यारोपी फरार हैं। इस संबंध में सीओ धनंजय मिश्रा ने बताया कि घटना जमीन की रंजिश को लेकर हुई है। केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।