एफसीआई गोदाम के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
पेंशन और सेवानिवृत्त के बाद चिकित्सा सुविधा सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को डीएलडब्ल्यू स्थित एफसीआई गोदाम के कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। कर्मचारियों ने गोदाम में ताला बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते खाद्यान्न की निकासी और भंडारण नहीं हो सका। इससे लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
भारतीय खाद्य निगम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष एसपी श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए गोदाम पर ताला जड़ दिया। इसके बाद केट पर हड़ताल का बैनर टांगकर मौके पर डटे रहे। इससे खाद्यान्न के भंडारण और निकासी का काम ठप रहा। वहीं, शिवपुर रेलवे स्टेशन पर गेहूं की रैक को भी कर्मचारियों ने नहीं उतरने दिया।
जिलाध्यक्ष का कहना था कि जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, विरोध जारी रहेगा। जिला सचिव केके सक्सेना ने बताया कि अब आर-पार की लड़ाई होगी। वहीं, एफसीआई के एरिया मैनेजर बफपालबीर सिंह ने बताया कि हड़ताल का खास असर नहीं पड़ा। गेहूं के रैक न उतरने से थोड़ा नुकसान हुआ है।