भदोही जिले में रेलवे सुरक्षा बल महानिदेशक अरुण कुमार के निर्देश पर सोमवार को ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर रुकने वाली पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन के पेंट्रीकार में छापेमारी की गई। यहां से नकली पानी की दर्जनों पेटी सील बंद बोतलें बरामद की गईं।
पुलिस ने इस मामले में तीन वेंडरों को हिरासत में ले लिया है। आरपीएफ प्रभारी इलाहाबाद सिटी और जीआरपी माधोसिंह के नेतृत्व में स्टेशन पहुंची टीम ने डाउन पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस के पेंट्रीकार की जांच की।
दोनों ट्रेनों से दर्जनभर से अधिक सीलबंद नकली पेयजल की बोतलें बरामद हुईं। इनको कब्जे में लेकर सील करने की कार्रवाई की गई। पकड़े वेंडरों को इलाहाबाद ले जाया गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।