केराकत में नकली वाशिंग पाउडर फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक राजकुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। राजकुमार इसी कोतवाली थाना क्षेत्र के नाउपुर गांव का रहने वाला है।
कोतवाल संजय वर्मा ने बताया कि केराकत कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव में स्थित एक मकान में पिछले एक महीने से फैक्टरी चल रही थी। घड़ी कंपनी के मैनेजर बृजेश कुमार पांडेय तथा लीगल एडवाइजर मनोज सिंह ने इस बारे में शिकायत की थी। जिस पर मंगलवार की रात छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान 10.5 कुंतल तैयार वाशिंग पाउडर तथा पाउडर बनाने की मशीन, तराजू, रैपर सील मशीन, सिलाई मशीन और बोरियां बरामद हुईं। इसके अलावा तीन बोरी में 50 किलोग्राम सोडा, घड़ी डिटर्जेंट छपी 15 खाली बोरी, घड़ी छाप 965 पीस खाली रैपर भी बरामद हुए हैं। पकडे़ गए संचालक का कॉपीराइट एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।