वाराणसी। ओवरटेक करने और महिला पर भद्दे कमेंट को लेकर हुई कहासुनी और मारपीट के बाद एडीजी जोन कार्यालय के सामने सोमवार की देर शाम एक कूलर व्यापारी ने सरेराह दो राउंड फायरिंग का आरोप लगाया। व्यापारी के अनुसार संयोग अच्छा था कि वह बाल-बाल बच गया और एक गोली उसके दाएं हाथ को छूते हुए निकल गई। व्यापारी की सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी थी।
लहंगपुरा निवासी मोहम्मद इमरान उर्फ बबलू के अनुसार, वह देर शाम 7:30 बजे के लगभग अपनी एक महिला मित्र के साथ बाइक से नदेसर चौकी की ओर से कैंटोनमेंट स्थित एक रेस्टोरेंट की ओर जा रहा था। इसी बीच पीछे से आ रही सफेद रंग की कार में सवार लोग उसकी महिला मित्र पर भद्दे कमेंट करते हुए बार-बार ओवरटेक कर रहे थे। एडीजी जोन ऑफिस के सामने उसने नाराजगी जताते हुए कार के शीशे पर हाथ से मारा तो पीछे बैठे एक युवक ने दो राउंड फायरिंग की। असलहे से निकली एक गोली उसके दाएं हाथ को छूते हुए निकल गई। वह मौके से भाग कर वापस अपने घर की ओर गया और एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। उधर, इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एडीजी जोन ऑफिस के बाहर तैनात सिपाहियों या आसपास किसी अन्य ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी है। मौके से एक भी खोखा नहीं मिला है। इमरान के बयान में भी विरोधाभास है और उसने काफी देरी से सूचना भी दी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।