मोतियाबिंद के मरीजों के लिए स्वस्थ दृष्टि स्वस्थ काशी अभियान वरदान साबित हो रहा है। अब तक 15 दिन में 99 लोगों का ऑपरेशन किया गया है। अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से घर-घर जाकर 50 साल से अधिक उम्र वाले मोतियाबिंद के मरीजाें की स्क्रीनिंग की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे मरीजों की सूची बनाकर मरीजों को चित्रकूट स्थित सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट को भेजा जा रहा है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि रविवार को तीसरे जत्थे में 53 मरीजों को चित्रकूट में इलाज के लिए भेजा गया। इसमें सभी रोगियों का सोमवार को इलाज किया जा चुका है। इससे पूर्व जनपद से पहले जत्थे में 27 और दूसरे में 19 मरीजों को भेजा गया था।
एडिशनल सीएमओ डॉ. एके मौर्या ने बताया कि आशा, आंगनबाड़ी की ओर से जिन लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है, उन्हें पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है। यहां प्राथमिक जांच के बाद चित्रकूट भेजा जा रहा है। 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में मोतियाबिंद की समस्या बढ़ जाती है।