अमर उजाला की खबर के बाद व्हाटस एप ग्रुप पर मेसेज भेजकर जमा कराए गए हैंडवाॅश
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू अस्पताल में इमरजेंसी ओटी सहित अस्पताल में जिन जगहों पर एक्सपायर स्क्रब (हैंडवाॅश) रखवाए गए थे, उन सबको आनन-फानन में वहां से हटाया गया। इसकी जगह नए हैंडवॉश रखवाए गए। यहीं नहीं जिन जगहों पर एक्सपायर हैंडवाॅश पहले से रखे थे, वहां से लाने से पहले उस पर लगे स्टीकर और पाइप को भी हटवाया गया।
अमर उजाला में रविवार को बीएचयू अस्पताल में 13 महीने पहले एक्सपायर हैंडवाॅश के प्रयोग होने की खबर छपने के बाद सोमवार को पैरामेडिकल स्टाफ के एक ग्रुप पर सुबह 9 बजे इमरजेंसी ओटी इंचार्ज की ओर से व्हाटस एप मेसेज भेजकर जल्द से जल्द सभी एक्सपायर हैंडवाॅश को वापस मनोचिकित्सा विभाग वाले स्टोर में जमा करने को कहा गया।
बीएचयू का जवाब-अस्पताल में प्रयोग होता है दूसरा हैंडवाॅश
बीएचयू अस्पताल प्रशासन ने एक्सपायरी हैंडवाॅश के प्रयोग करने के मामले में जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से जवाब दिया है कि जिस हैंडवाॅश को एक्सपायरी बताया जा रहा है, वह किस अस्पताल का है, यह प्रदर्शित नहीं हो रहा है। साथ ही अस्पताल प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि इस समय अस्पताल में बैकटोस्कब नाम से हैंडस्क्रब का उपयोग किया जा रहा है। इसकी अंतिम तिथि दिसंबर 2024 है। कुछ लोग अस्पताल की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि अगर एक्सपायरी हैंडवाॅश का इस्तेमाल अस्पताल में नहीं होता है तो वार्डों से उसको वापस क्यों मंगवाया गया।