गाजीपुर जिले के कासिमाबाद में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में अधिशासी अभियंता को पदावनत कर सहायक अभियंता बना दिया गया है। इन पर जिले की एक कार्यदायी संस्था से मिलीभगत करके चार करोड़ 31 लाख 8080 रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप था।
राज्यपाल के सचिव जेबी सिंह द्वारा बीते 28 अप्रैल को जारी पत्र के मुताबिक, जिले के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार 2012-13 में प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अमेठी में अधिशासी अभियंता थे। वहां रहते हुए जितेंद्र कुमार ने गंगौली के हुंडरही की कार्यदायी संस्था को 2012 सितंबर माह से 2013 जनवरी के मध्य बिना किसी बिल बाउचर के चार करोड़ 31 लाख 8080 रुपये का भुगतान किया था। भुगतानों का विवरण कैश बुक में दर्ज नहीं किया गया था। भुगतान से संबंधित कोई बिल बाउचर संबंधी अभिलेख भी तैयार नहीं कराए गए।