वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण के खिलाफ जारी अभियान को और सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, हथियार डाले बिना पूरा प्रशासनिक तंत्र तीसरी लहर के लिए तैैयार रहे। ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट के मंत्र ने कामयाबी दी है और भविष्य में इसी के साथ आगे बढ़ने की ताकीद की। बीएचयू के सेंट्रल हाल में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली लहर की तुलना में दूसरी लहर काफी तीव्र रही है। अब तीसरी लहर के मुकाबले के लिए तैयार होना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की दोपहर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचे और वहां से सीधे डीआरडीओ के अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां 250 बेड के आईसीयू वार्ड की व्यवस्था देखने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि थर्ड वेव भी आएगी और उसका टारगेट बच्चे हो सकते हैं, इसकी भी तैयारी होनी चाहिए। बड़े जनपदों में चार से 100 के बीच बच्चों के पीडियाट्रिक बेड तैयार करना पड़ेगा और मैनपावर को बढ़ाना पड़ेगा। इसके लिए एक्स सर्विसमैन, रिटायर्ड या नए लोगों जो मेडिकल के फोर्थ ईयर के छात्र हैं, ट्रेनिंग देकर फोन की सेवाएं ले सकते हैं। उनका मानदेय भी तय कर दिया गया है। एंबुलेंस की व्यवस्था त्वरित रखते हुए रेट निर्धारित कर दिया जाए। यदि अधिक रेट लें तो एंबुलेंस सीज कर दी जाए। अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी लगाई जाए। ऑक्सीजन की आपूर्ति और ऑडिट किया जाए। यह ऑडिट प्रतिदिन सुबह आठ बजे तथा शाम को चार बजे किया जाए।