बंसल क्लासेज कोटा और अमर उजाला की ओर से शनिवार को डालिम्स स्कूल रोहनिया में आयोजित जीनियस ब्रिगेड परीक्षा में 800 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। एक घंटे की इस परीक्षा में शामिल होकर प्रतिभागियों ने अपने सामान्य ज्ञान, गणित और तर्क शक्ति का ज्ञान आजमाया।
परीक्षा में डालिम्स रोहनिया, रामकटोरा और सिगरा शाखा समेत द आर्यन इंटरनेशनल स्कूल, सिल्वर ग्रोव स्कूल समेत कई विद्यालय के बच्चे शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल से नवाजा गया।
सभी स्कूलों के टॉप पांच मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सचिव (माध्यमिक शिक्षा) सतीश सिंह ने मेडल देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि सतीश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समय में इतनी संभावनाएं और सुविधाएं नहीं थीं। आपको बेहतर मंच मिला है।
इसका फायदा उठाएं। बेहतर करें और भविष्य उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग और मेडिकल के अलावा भी बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं जहां आप बेहतर कॅरियर बना सकते हैं। आप जो भी करें मन से करें, लगन से करें। सच्ची मेहनत से किया गया प्रयास कभी असफल नहीं होता।
सफलता का एक सूत्र वाक्य है। कड़ी मेहनत, पक्का इरादा और लक्ष्य पर नजर। स्वागत डालिम्स समूह के अध्यक्ष प्रदीप बाबा मधोक ने किया। इससे पहले कोटा बंसल क्लासेज से आई टीम ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। सीनियर फैकल्टी रमेश नवहाल ने इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए टिप्स दिए।
बंसल कोटा के मार्केटिंग मैनेजर उज्ज्वल घोष ने बूस्ट परीक्षा (बंसल ओपन ऑपरच्युनिटी स्कॉलरशिप टेस्ट) के बारे में बताया जो कि 29 अक्तूबर को बनारस और 26 नवंबर को कोटा में होने जा रही है। इसमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और एडमिशन में 95 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी।
भेलूपुर स्थित बंसल क्लासेज वाराणसी सेंटर के हेड राजन सिंह ने बताया कि सेंटर पर कक्षा नौ, दस, 11 व 12 के छात्रों के लिए फाउंडेशन कोर्स के साथ आईआईटी और मेडिकल की तैयारी कराई जा रही है। धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य वीके मिश्रा ने किया। कोआर्डिनेटर रितु वाधवा मौजूद रहीं।