बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान की ओर से रविवार को दो केंद्रों पर एमडी और एमएस आयुष में प्रवेश के लिए परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 2097 में से 1904 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसका ऑसर-की सोमवार को वेबसाइट पर जारी होगा। अभ्यर्थी 29 जून तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय में महिला महाविद्यालय और विज्ञान संस्थान में सुबह नौ से 12 बजे तक प्रवेश परीक्षा चली। महिला महाविद्यालय में 1050 परीक्षार्थियों में 959 उपस्थित रहे। इसके अलावा विज्ञान संस्थान में 1047 में 945 उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बताया कि 26 जून को संस्थान के वेबपेज पर आंसर-की अपलोड करा दी जाएगी। ईद का अवकाश पड़ा तो यह 27 को प्रदर्शित की जाएगी। बताया कि अभ्यर्थी 29 जून, शाम पांच बजे तक परीक्षा के सूचना पुस्तिका पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।