वाराणसी। इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए 11 केंद्रों पर चल रही प्रवेश परीक्षा जेईई(जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कोरोना काल में हो रही इस परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सात सेक्टर और तेरह स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है, जिससे कि परीक्षा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, मास्क सहित अन्य मानकों का पालन हो सके।
वहीं मंगलवार को पहले दिन चार केंद्रों पर बीआर्क की परीक्षा हुई, जिसमें पंजीकृत 390 अभ्यर्थी में 85 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। एनटीए के देखरेख में छह सितंबर तक होने वाली जेईई में 7864 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए शहर और ग्रामीण इलाकों में केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन हरहुआ और आयर में बने केंद्रों पर हुई परीक्षा में वाराणसी और आसपास के जिलों से आए अभ्यर्थियों ने बीआर्क (बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर) में मैथ, ड्राइंग और एप्टीट्यूड से जुड़े सवालों का जवाब दिया। हालांकि पहले दिन संख्या बहुत कम रही लेकिन दो से छह सितंबर तक सभी 11 केंद्रों पर बीटेक की परीक्षा होगी। दो-तीन को 1541-1541 जबकि चार सितंबर को 1520 और पांच-छह सितंबर को 1436-1436 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को लेकर के केंद्र और उसके आसपास धारा 144 को लागू किया गया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर तक फोटोकापी, फैक्स, पीसीओ की दुकानें नहीं खुलेंगी। बताया कि 6 सितंबर तक सभी प्राइवेट और सरकारी बसें चलती रहेगी।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी पिंडरा, सदर, राजातालाब के साथ ही एसीएम प्रथम,तृतीय, चतुर्थ और एसीएम पंचम को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा नायब तहसीलदार साक्षी राय, आलोक रंजन सिंह, रामेश्वर प्रसाद, भरत पासवान, आकृति श्रीवास्तव, नीरज कुमार के साथ ही एबीएसए रामटहल, रमाकांत पटेल, लाल जी, जितेंद्र गौड़, बृजेश श्रीवास्तव, अशोक सिंह और एबीएसए श्री नारायण मिश्र को स्टैटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। बताया कि सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों का दौरा कर वहां सीटिंग प्लान,सोशल डिस्टेंसिंग सहित अन्य मानक का पालन कराने के लिए निर्देशित किया गया है।