आईएमएस बीएचयू में शिक्षकों और छात्रों को अब मोबाइल एप माई लाइब्रेरी ऑन फिंगर टिप्स ( माई लाफ्ट) पर चिकित्सा विज्ञान से जुड़ी हर छोटी बड़ी जानकारियां मिल सकेंगी। इसके बाद उन्हें आयुर्वेद, आधुनिक चिकित्सा, दंत चिकित्सा विज्ञान आदि से जुडे़ डेटा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। आईएमएस बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों को मोबाइल एप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसके सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि मोबाइल एप के माध्यम से चिकित्सा विज्ञान संस्थान पुस्तकालय द्वारा खरीदी गई ई-रिसोर्स संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी त्वरित रूप से प्रदान की जा सकेगी।
चिकित्सा विज्ञान संस्थान नेशनल मेडिकल लाइब्रेरी नई दिल्ली द्वारा संचालित अर्मेड कंसोर्सियम का सदस्य है। संस्थान 244 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स पांच पब्लिशर्स की सहायता से निशुल्क इसे प्राप्त करता है। कार्यक्रम के दौरान क्यू आर कोड की सहायता से संस्थान के शिक्षक और छात्र छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कर पासवर्ड जनरेट किया। परिणाम स्वरूप उनके मोबाइल पर ही अर्मेड द्वारा प्रदत्त 244 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स को एक्सेस किया जाने लगा। इस दौरान अमित शुक्ल, प्रो. संजीव के सिंह, प्रो. विजय नाथ मिश्रा, प्रो. संजीव कुमार गुप्ता, प्रो. अमृता, डॉ. किरण चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।