ढाई माह की बंदी के बाद मंगलवार को महानगरी एक्सप्रेस 620 यात्रियों को लेकर अपने निर्धारित समय पर मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल को रवाना हुई। महाराष्ट्र में फैले संक्रमण को देखते हुए इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बेहद कम रही। हाल ऐसा रहा कि जिस ट्रेन में सीट के लिए मारामारी रहती है, उस ट्रेन की चार से पांच बोगियां खाली गई। जनरल कोच में इक्का दुक्का ही यात्री दिखे। ट्रेन रवाना होने से पूर्व एडीआरएम व कैंट स्टेशन निदेशक ने तैयारियों का जायजा लिया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर सुबह सवा 11 बजे 01094 महानगरी एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 9 से लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए रवाना हुई। ट्रेन में सवार होने वाले यात्री 90 मिनट पूर्व ही स्टेशन पहुंच गए थे। जहां यात्री हाल में उनकी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्लेटफार्म के लिए छोड़ा गया। ट्रेन की तैयारियों का जायजा लेने अपर मंडल रेल प्रबंधक रवि चतुर्वेदी और स्टेशन निदेशक आनंद मोहन विभागीय अधिकारियों संग पहुंचे। यात्रियों से फीडबैक लिया। सफाई कर्मियों ने ट्रेन को सैनिटाइज किया।
ढाई माह बाद गए घर
लॉकडाउन के दौरान फंसे अधिकतर यात्री ही ढाई माह बाद महानगरी से अपने घरों को गए। इसमें कोई मध्य प्रदेश तो कोई महाराष्ट्र का रहा। परेडकोठी इलाके में फंसे व्यापारी विजेंद्र ने बताया कि दर्शन करने वाराणसी आया था और लॉकडाउन में फंस गया। ट्रेन के अधिकतर कोच में सवार वहीं यात्री रहे जो किन्ही न किन्ही कारण से फंस गए थे।
महामना एक्सप्रेस हुई रवाना
कैंट रेलवे स्टेशन से वाराणसी नई दिल्ली की ट्रेन महामना एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय पर यात्रियों को लेकर रवाना हुई। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके पूर्व सुबह से रात तक करीब 10 ट्रेनों का आवागमन हुआ। सुबह भोर में 4 बजे महानगरी और शाम को 7 बजे कामायनी एक्सप्रेस टर्मिनेट हुई।