काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नमो घाट से शुरू होने वाली हेलिकॉप्टर सेवा अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। इस घाट पर बने हेलिपैड का उद्घाटन बीते 15 नवंबर 2024 को तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया था। इसी के साथ जल-थल-नभ से जुड़ने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक घोषणा की गई थी, लेकिन दो हेलिपैड तैयार होने के बाद भी अब तक नमो घाट से एक भी हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका है। काशी को स्काई टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए शासन ने नमो घाट से तीन और छह सीटर हेलिकॉप्टर से पर्यटकों को काशी का हवाई दर्शन कराने की योजना बनाई थी।
इसमें श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट, गंगा नदी का दृश्य, नमो घाट से अन्य घाटों तक गंगा आरती का नजारा, गोदौलिया-चौक क्षेत्र, कालभैरव मंदिर और रामनगर किले का हवाई अवलोकन शामिल था। इसके साथ ही नमो घाट से अयोध्या के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की भी योजना थी।