उत्तर प्रदेश के निवेशक मोटा मुनाफा कमाने के लिए जोखिम के बावजूद इक्विटी म्यूचुअल फंड में जमकर पैसा लगा रहे हैं। यही वजह है कि तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक एयूएम (प्रबंधन के अधीन परिसंपत्ति) वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।
महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात जैसे बड़े राज्य काफी पीछे हैं। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में शुद्ध निवेश मासिक आधार पर 22 फीसदी घटकर अगस्त में 33,430.37 करोड़ रुपये रह गया।
निवेश में गिरावट से म्यूचुअल फंड उद्योग का कुल एयूएम भी 75.10 लाख करोड़ से कम होकर 74.93 करोड़ रुपये रह गया। अगर यूपी की बात करें तो एयूएम 3.54 लाख करोड़ रहा। इसमें से 76.43 फीसदी (2.71 लाख करोड़) राशि इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश की गई।
एयूएम के आधार पर यह हिस्सेदारी महाराष्ट्र (38.87 फीसदी), दिल्ली (51.89 फीसदी), तमिलनाडु (58 फीसदी), कर्नाटक (63.65 फीसदी), गुजरात (63.68 फीसदी) और प. बंगाल (64.49 फीसदी) से अधिक है।