काशी विश्वनाथ मंदिर में तीन शिफ्ट में चलेगा अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र
सावन में बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सेवा मिलेगी। बाबा दरबार में तीन शिफ्ट में पूरे सावन भर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र चलेगा। वहीं नेशनल हाइवे पर जौनपुर, प्रयागराज रूट पर पुलिस बूथ पर चिकित्सकीय हेल्प डेस्क भी बनाया गया है।
काशी विश्वनाथ धाम के अलावा जितने भी शिवमंदिर हैं, यहां चिकित्सक के साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ भी जरूरी दवाओं के साथ मौजूद रहेंगे।
काशी विश्वनाथ धाम में चयनित स्थल पर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र की तर्ज पर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इसमें सुबह 7 बजे से अगले दिन 7 बजे तक तीन शिफ्ट में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी।
वहीं, जल पुलिस दशाश्वमेध घाट और चौक थाने पर भी रविवार रात 8 बजे सोमवार रात 12 बजे तक स्वास्थ्य टीम मौजूद रहेगी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना कि सावन महीने में भीड़ के मद्देनजर बीएचयू अस्पताल के साथ ही मंडलीय अस्पताल, जिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में बेड रिजर्व करवाया गया है। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट पर रखा गया है।