रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने निवेश मित्र पोर्टल की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि किसी भी उद्यमी के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन करना कठिन है। ऐसे कठिन सवाल पूछे जाते हैं जिसका जवाब देना उद्यमियों के लिए आसान नहीं रहता है। उन्होंने वीडीए के ज्यादा विकास शुल्क पर सवाल खड़े किए। साथ ही कहा कि वीडीए और यूपीसीडा के शुल्क में जमीन-आसमान का अंतर है।
इस मामले में पहले मुख्यमंत्री से भी बात हुई थी। विकास दर कम करने के निर्देश भी दिए गए थे लेकिन, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एसोसिएशन रोजगार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार है। हालांकि इसके लिए जरूरी है कि सरकार उद्यमियों की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से ध्यान दे। बैठक में चंद्रेश्वर जायसवाल, विनम्र अग्रवाल, पंकज बिजलानी समेत बड़ी संख्या में उद्यमी शामिल रहे।