महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बैक पेपर की परीक्षाएं कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित कराई जाएंगी। 18 जनवरी से स्नातक की बैक पेपर व श्रेणी सुधार की परीक्षाएं विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में आयोजित कराई जाएंगी। परीक्षार्थियों को बिना मास्क और थर्मल स्क्रीनिंग के बिना परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
विद्यापीठ एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बैक पेपर और श्रेणी सुधार की परीक्षाएं 18 से 28 जनवरी तक चलेंगी। समय सारिणी को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही और सोनभद्र के संबद्ध 343 महाविद्यालय के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शनिवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विभाग एवं परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण किया। कुलपति ने निरीक्षण के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल की तैयारियां परखीं। कुलपति ने परीक्षा कक्ष की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
जनसपंर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि किसी परीक्षार्थी की परीक्षा छूट जाने की दशा में पुन: परीक्षा नहीं कराई जाएगी। परीक्षा भवन में मोबाइल फोन एवं किसी प्रकार का अनुचित साधन का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्रों को केवल नीले एवं काले रंग के पेन का इस्तेमाल करना होगा। शासन द्वारा जारी कोविड-19 के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
कुलपति के निरीक्षण में गैरहाजिर मिले शिक्षक
कुलपति प्रो. एके त्यागी ने शनिवार को परिसर के सभी विभाग व कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने अध्यापकों की उपस्थिति रजिस्टर, क्लासरूम में साफ सफाई का भी जायजा लिया। इस दौरान कई विभागों में शिक्षक गैरहाजिर रहे। इस पर कुलपति ने गैरहाजिर शिक्षकों से अनुपस्थित रहने का कारण भी पूछा।