बरनी उपकेंद्र के रामेश्वर कृषि फीडर से संबंधित तीन खंभों के बीच से हाईटेंशन बिजली के तार रविवार को चोर काट ले गए। मामले में जेई ने जंसा थाने में तहरीर दी है।
पूर्वांचल डिस्कॉम की ओर से बरनी उपकेंद्र से कृषि फीडर बनाया गया है। इसमें दिन में सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति होती है। शनिवार की रात चोर पेडूका गांव के पास से तीन खंभों से तार काट ले गए। ग्राम प्रधान ने इसकी जानकारी जंसा थाने पर दी।
जंसा के एसओ बैद्यनाथ सिंह और एसडीओ राहुल यादव और अभियंता कृष्ण कांत मौर्य ने मौके पर जाकर जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि आठ माह पहले भी 15 खंभों का तार चोरी हो गया था। इस मामले में मुख्य अभियंता एके सिंघल ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। एक्सईएन संजय के नेतृत्व में समिति जांच करेगी।
बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए निगम ने बिजली के तारों को अंडरग्राउंड कर दिया, लेकिन अब फाॅल्ट ढूंढने में पसीने छूट रहे हैं। विभाग के पास तीन लोकेटर मशीन हैं, एक मशीन पिछले पंद्रह दिनों से खराब है। इस वजह से दो लोकेटर मशीन की मदद से शहर के अंडर ग्राउंड फाॅल्ट ढूंढा जा रहा है।
रविवार को मच्छोदरी उपकेंद्र के मैदागिन के समीप अंडर ग्राउंड केबल में फाॅल्ट हो गया। इसे ढूंढने में बिजली विभाग को चार घंटे लग गए। निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने बताया कि मशीन खराब होने की जानकारी उन्हें नहीं है। बिजली आपूर्ति में मशीनें अड़ंगा नहीं बनेंगी।