वाराणसी में नगर निगम के प्रधान कार्यालय के समीप घटना
शिवपुरवा क्षेत्र के गांधी चबूतरा का रहने वाला रोहित बिंद उर्फ कल्लू(32) दो साल से विद्यापीठ विद्युत उपकेंद्र में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था। शटडाउन लेकर वह दोपहर के समय सिगरा नगर निगम के प्रधान कार्यालय के पास बिजली के खंभे पर चढ़कर एलटी वायर की मरम्मत कर रहा था। रोहित के साथी कर्मचारियों के अनुसार शटडाउन लेने के बावजूद न जाने कैसे विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई और करंट लगते ही वह पोल पर लटक गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि चार भाइयों में तीसरे नंबर का रोहित तीन बच्चों का पिता था। उधर, रोहित के साथी कर्मचारियों का कहना था कि इसकी जांच कराई जाए कि विद्युत आपूर्ति कैसे शुरू हुई और उसके लिए दोषी कौन है। पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिया जाए।
कैंट विधायक के मंडलीय अस्पताल पहुंचने की सूचना पाकर मौके पर बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। पीड़ित परिजनों को बिजली विभाग के अधिकारियों ने 25 हजार रुपये नगद और पांच लाख का चेक दिया। भाजपा विधायक ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।