मड़िहान। महिला पीएसी बटालियन प्रशिक्षण केंद्र की जमीन के सीमांकन के लिए मंगलवार को पुलिस बल के साथ राजस्वकर्मी दिन भर जंगल में भटकते रहे लेकिन उनको सरहदी पत्थर नहीं मिला। इससे बाड़ लगाने का काम प्रभावित हो रहा है।
मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर देवरी कला गांव स्थित महिला पीएसी बटालियन प्रशिक्षण केंद्र के लिए ग्राम सभा की 20 हेक्टेयर जमीन दो साल पहले आवंटित की गई थी। सरकार ने 18,83,000 रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है, जिससे बाड़ लगाने का काम होना है। शुक्रवार को पीएसी के अधिकारी तहसीलदार लालता प्रसाद के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे थे। देवरी कला और पटेवर की सीमा विवाद में का निर्धारण नही हो सका था। विवाद को देखते हुए राजस्व, वन विभाग व पीएसी के अधिकारियों की निगरानी में मंगलवार को पैमाइश होनी थी। इसके लिए जंगल में तीनों विभाग के कर्मचारी भटकते रहे लेकिन सरहदी पत्थर नहीं खोज सके। पीएसी के इंस्पेक्टर कल्पनाथ राम ने बताया कि झाड़ियों की सफाई के बाद कुछ फैसला हो सकेगा। इस मौके पर पीएसी के सूबेदार मेजर मनोज कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर दिवाकर राय, उपेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक अभिमन्यु, लेखपाल विद्याशंकर आदि मौजूद थे।