राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से घोषित तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने की तैयारियां स्थानीय स्तर पर तेजी से चल रही हैं। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह और जिला मंत्री श्याम राज यादव के नेतृत्व में मंगलवार को कर्मचारियों की सभा संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय परिसर में हुई। इसमें जनपद कार्यकारिणी और विभिन्न संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं का कहना था कि सरकार राज्य कर्मचारियों और निगम कर्मियों की दस सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं कर रही है।
कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा, पुरानी पेंशन को बहाल करना, नगदीकरण को बहाल करना, ठेकेदारी प्रथा बंद हो आदि प्रमुख मांगे हैं। हड़ताल को सफल बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में चिकित्सा, राजकीय कोषागार, लोक निर्माण विभाग, विकास प्राधिकरण, समाज कल्याण, नलकूप, सिंचाई, खाद्य एवं आपूर्ति, माध्यमिक शिक्षा, नगर निगम, ग्राम पंचायत, कृषि विभाग के कर्मचारी शामिल थे। बैठक में दिवाकर, सुभाष सिंह, शेषमोहन मालवीय, राजेश सिंह, कमलेश प्रधान, दीपेंद्र राम, उषा मौर्या, राकेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
उधर, विकास भवन राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से प्रस्तावित 10 से 12 अगस्त की हड़ताल का नैतिक समर्थन संघ करता है। साथ ही प्रदेश सरकार से मांग की गई कि परिषद की मांगों पर विचार कर सार्थक निर्णय लें।