कोलकाता से श्रीनगर जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6ई-6961 में फ्यूल लीकेज नहीं बल्कि सेंसर खराब होने की समस्या थी। हालांकि फ्यूल सेंसर खराब होने के कारण जब पायलट को ईंधन की सटीक स्थिति पता नहीं चली, तो पायलट ने तत्काल वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। 17 घंटे 20 मिनट बाद गुरुवार को विमान की खराबी ठीक कर वापस दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
कोलकाता से श्रीनगर जा रहे विमान में बुधवार की शाम को फ्यूल लीकेज की समस्या सामने आई थी। इसे देखते हुए पायलट ने तत्काल वाराणसी एयरपोर्ट की एटीसी को मेडे-मेडे का संदेश भेजा था। संदेश मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल विमान को लैंड कराया।
शाम 4:10 बजे एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतरे यात्रियों को 5 घंटे 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद 165 यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली पहुंचाया गया। खराब विमान को एप्रन पर खड़ा कर देर रात तक और बृहस्पतिवार की सुबह 9:15 बजे तक जांच-पड़ताल की गई।