लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को पुलिस परेशान कर रही है। इससे उनमें नाराजगी है। ताजा मामला बिजली विभाग के कर्मचारियों का है। बुधवार सुबह पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी कार्यालय के कर्मचारी विशाल कुमार मौर्य को काशी विद्यापीठ के पास पुलिस ने रोका।
उनका आरोप है कि बिना पूछताछ किए पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और गाड़ी का चालान भी काट दिया। इसे लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों में काफी नाराजगी है। उन्होंने एमडी कार्यालय में विरोध जताया। कहा कि आए दिन पुलिस कर्मचारियों से मारपीट कर रही है, जबकि वह आवश्यक सेवा से जुड़े हुए हैं।
हाल ही में चांदपुर उपकेंद्र के कर्मचारी अनिल कुमार और पिंटू की भी पुलिस ने पिटाई कर दी थी। कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों के माध्यम से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। कहा है कि यदि पुलिस का यही रवैया रहा तो वह काम नहीं करेंगे। बिजली यदि आवश्यक सेवा में नहीं है तो उन्हें भी घर रहने की छूट दे दी जाए।