रामनगर में टूट गया इंसुलेटर, पोल भी टूटा
रामनगर में साहुपुरी का इंसुलेटर टूटने की वजह से पंचवटी और उसके आसपास बिजली गुल हो गई। रस्तापुर नमकीन फैक्टरी के पास पोल टूटकर गिर गया, तो रामपुर शीतला माता मंदिर वाली गली के अंदर छावनी के पास पेड़ टूटकर तार पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। हरहुआ में तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल, तार और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
तार और खंभे पर गिर गया पेड़
लोहता के छितौनी गांव में पेड़ टूटकर मेन सप्लाई वाले तार पर गिर गया। रोहनिया के विद्युत उपकेंद्र करसड़ा फीडर से 3:30 बजे से कटी बिजली किसी तरह शाम 7 बजे बहाल हो पाई। सेवापुरी इलाके में भी आंधी की वजह से जगह-जगह फॉल्ट होने के कारण कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। चौबेपुर के गरथौली उपकेंद्र से अजांव, गरथौली, गोलधमकवां, कादीपुर, छितमपुर समेत कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। उगापुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ अजीत कुमार सोनकर ने बताया कि तेज हवाओं के चलते जगह-जगह पेड़ों की डालियां गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित थी।