मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी के विभिन्न योजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण-शिलान्यास किया। इनमें मिर्जामुराद का ई चार्जिंग बस स्टेशन और शहर के सात स्थानों पर फ्री वाई-फाई सुविधा का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही छह पार्कों व एक कुंड के सुंदरीकरण के कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
शहर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए नगर विकास विभाग द्वारा 14 शहरों में 700 वातानुकूलित ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। जिसके तहत 11 दिसंबर से वाराणसी में 50 बसों का संचालन हो रहा है। ई-बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण जल निगम ने कराया है। ई-बस चार्जिंग स्टेशन पर एक बार में कुल 30 ई-बसें चार्ज हो सकेंगी। औसतन एक ई-बस को चार्ज होने में 60-90 मिनट का समय लगेगा। जिसके बाद ई-बस 120 किमी का सफर तय कर पाएंगी। चार्जिंग स्टेशन में मेंटेनेंस शेड, सबस्टेशन भवन, चार्जिंग प्वाईंट का निर्माण, शौचालय, प्रकाश की व्यवस्था, पेयजल, गार्ड रूम, मीटर व पंप रूम के साथ ही रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था दी गई है।
छह पार्कों और एक कुंड को बनाएंगे सुंदर
स्मार्ट सिटी के तहत छह पार्कों व एक कुंड को सुंदर बनाया जाएगा। इनमें विजय नगर पार्क, रामपुरी पार्क, स्वामी विवेकानंद पार्क, दास नगर पार्क, नील कॉटेज पार्क, कैलगढ़ कॉलोनी पार्क और रामजानकी सेवा समिति कुंड शामिल हैं। इसमें लैंडस्केपिंग, पाथवे, हाईमास्ट, सोलर लाइट की ओपन जिम, बच्चों के लिए खेलकूद के उपकरण आदि होंगे।
यहां मिलेगी आधे घंटे फ्री वाई फाई सुविधा
शहर के सात स्थलों पर निशुल्क वाई-फाई (वायरलेस फिडिलिटी) नेटवर्क की सुविधा मिलेगी। नगरवासी मोबाइल नंबर व वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) के माध्यम से लॉग इन कर 30 मिनट तक निशुल्क वाई-फाई का लाभ ले सकेंगे।
1. रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कंवेंशन सेंटर
2. शहीद उद्यान पार्क
3. सारनाथ संग्राहलय
4. चौधरी चरण सिंह अंतरराज्यीय बस अड्डा
5. कचहरी (जिलाधिकारी कार्यालय के समीप)
6. आंबेडकर चौराहा (एसबीआई मुख्य शाखा के समीप )
7. गोदौलिया मल्टी लेवल पार्किंग