वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित ई-बस चालकों ने शनिवार की सुबह मिर्जामुराद ई-चार्जिंग स्टेशन पर हड़ताल कर दिया। ई-बसों का संचालन रोक दिया। वेतन नहीं मिलने से होली का त्योहार फीका पड़ गया। एक माह से वेतन रुका हुआ है। ई बस चालकों ने 10 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा। हड़ताल की सूचना मिलते ही सिटी सर्विसेज लिमिटेड के एआरएम पहुंचे और समझा बुझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
ई-बस चालकों ने समय से वेतन भुगतान, पीएफ भुगतान, चालकों के कार्य अवधि में मोबाइल का जब्तीकरण बंद हो आदि मांगे उठाई। ई-बसों का संचालन करने वाली संस्था ग्रीन सेल कंपनी से जुड़े प्रबंधतंत्र के मैनेजर संजीत कुमार के मान-मनौव्वल के बाद भी बस चालक नहीं माने और हड़ताल जारी रहा। इस दौरान बस डिपो के अंदर चालकों और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई।
लगभग 5 घंटे बाद मौके पर पहुंचे रोडवेज के एआरएम ने मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के आश्वासन पर हड़ताल खत्म हुई। मिर्जामुराद ई चार्ज बस डिपो में 50 बसों के चार्ज करने की क्षमता है, जिसमें डबल शिफ्ट के चलते 100 चालक जुड़े हुए हैं। प्रदर्शन में अभिलाष जायसवाल, राकेश, राममूरत यादव, विनोद, पंकज सिंह, सर्वेश, गणेश, संतोष पाल व धनन्जय बिंद आदि रहे।