लंका से रवींद्रपुरी मार्ग का हालत बद से बदतर
काम खत्म करने के बाद सड़कों को नहीं किया जा रहा समतल
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। लंका से रवींद्रपुरी तक कभी फर्राटा भरने वाली सड़कें होती थीं। इन दिनों सीवर पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई के चलते इस सड़क पर बैलगाड़ी की तरह गाड़ियां चल रही हैं। बार-बार की बैठकों में कार्यदायी एजेंसियों को काम के दौरान आम जनता की सहूलियतों का ध्यान रखने की हिदायत दी जाती है। बावजूद इसके जल निगम ध्यान नहीं दे रहा है। इसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
विभागीय लापारवाही के चलते यहां से गुजरने वालों को पैदल चलने वालों से लेकर गाड़ियों से चलने वाले लोगों तक को परेशानी हो रही है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि यहां रात में बैरिकेडिंग लगाकर खोदाई का काम चलता है। पाइप लाइन डालने के बाद सुबह होने तक खोदी गई सड़क को पाट दिया जाता है। इस दौरान यहां सड़कों को समतल नहीं किया जा रहा है। बल्कि मिट्टी दबने से यह सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है। इस पर चलने वाले वाहन हिचकोले लेते हुए चलते हैं। सबसे अधिक दिक्कत सर सुंदर लाल अस्पताल और बीएचयू ट्रामा सेंटर जाने वाले मरीजों को हो रही है। उनके लिए यह सड़क कोढ़ में खाज जैसा है।
रवींद्रपुरी से लंका तक जल निगम की ओर से सीवर पाइप लाइन डाली जा रही है। जल निगम के अधिकारियों के अनुसार हैवी ट्रैफिक होने के कारण यहां दिन में काम संभव नहीं है। इस नाते रात में काम कराके सड़क को समतल किया जाता है। वाहनों के दबाव से सड़क दब जाती है। इस महीने में काम खत्म चलने लायक सड़क बना दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जल निगम की ओर से सीवर पाइप लाइन डालने के लिए रवींद्रपुरी और लंका में खोदाई करा रहे हैं। इस संबंध में उन्हें हिदायत दी गई है। उन्होंने काम खत्म होने के बाद सड़क की मरम्मत कराके हैंडओवर करने की बात कही है।