काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले आईआईटी के दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शनिवार रात आईआईटी के दो छात्रों को दो बाइक सवार पांच युवकों ने मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक इंजिनियरिंग के छात्र ऋषित कुमार की तहरीर पर पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
ऋषित कुमार का आरोप है कि वो अपने मित्र निशार्ग अग्रवाल के साथ लंका से बाइक से जा रहा था। इस दौरान एक बाइक पर तीन युवक व एक बाइक पर दो युवकों ने उनको रोककर गाड़ी की चाभी निकाल ली। आरोप है कि जब उन्होंने बताया कि वो आईआईटी के छात्र हैं तो युवक उनके साथ मारपीट करने लगे। माफी मांगने पर भी युवकों ने उनको छोड़ा नहीं।
मारपीट के दौरान युवकों ने ऋषित के सिर और कान में मार कर ज़ख्मी कर दिया। वहीं, निशार्ग का मारपीट कर चश्मा तोड़ दिया। इस दौरान युवकों ने छात्रों के चेहरे पर बहुत थप्पड़ मारे। आरोप है कि सभी युवक शराब के नशे में धुत थे। मामले में पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। घटना देर रात 1.50 की है।