बीएचयू के महिला महाविद्यालय गेट पर उस समय एक युवक ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया जब वहां की छात्रा ने उससे मिलने से मना कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक वह नशे में धुत था और छात्रा से बातचीत करने के लिए उसे बुला रहा था।
इसी बीच कुछ और युवक वहां पहुंच गए और छात्रा से मिलने आए युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार दो युवक महिला महाविद्यालय गेट पर पहुंचे और उसमें से एक छात्रा से मिलने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गेट के पास खड़ा होकर वह छात्रा को बुला रहा था। कुछ देर बाद जब छात्रा आई और देखा कि युवक नशे में धुत है तो उसने मिलने से मना कर दिया। इसको लेकर युवक ने हंगामा शुरू कर दिया।
इतने में दो और युवक वहां आ गए और जबरन छात्रा से मिलने का विरोध करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहले क्यूआरटी और फिर चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह वहां पहुंच गई। बताया कि नशे में धुत युवक से पूछताछ के बाद उसने डीएवीपीजी कॉलेज का छात्र बताया। माफीनामा के बाद उसे छोड़ दिया गया।