वाराणसी। विधानसभा चुनाव को लेकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस खास सतर्कता बरत रही है। ऐसे मतदान केंद्रों और इलाकों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। ग्रामीण इलाकों में अर्ध सैनिक बलों और पुलिस अधिकारियों की ओर से फ्लैग मार्च निकाल लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने और संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों के बारे में सूचनाएं देने की भी अपील की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण और कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की कड़ी निगहबानी की जाएगी।
चुनाव को देखते हुए असलहा तस्करों और अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। फ्लाइंग स्क्वायड और स्टेटिक टीम को भी ग्रामीण और कमिश्नरेट में अलर्ट किया गया है। चुनाव प्रभावित करने वालों की बाकायदा वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिले में अभेद सुरक्षा का खाका खींचा गया है और दस फरवरी नामांकन के बाद से ही बाहरी सीमाओं पर बैरिकेडिंग करते हुए वाहनों और अन्य की तलाशी के बाद ही छोड़ा जाएगा। पुलिस के अनुसार आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों और चुनाव प्रभावित करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार कमिश्नरेट में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की कड़ी निगहबानी कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो ड्रोन कैमरे से भी पुलिस टीम बराबर नजर रखेगी।