उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नई व्यवस्था के लागू होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। यह जनवरी 2019 से लागू हो सकती है।
सारथी सॉफ्टवेयर के जरिए जारी होने वाले स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस का काम निक्सी कंपनी के पास है। नए अनुबंध में डीएल आवेदन के प्रपत्रों की जांच आरटीओ कर्मी नहीं बल्कि एजेंसी के कर्मचारी करेंगे।
इसके बाद केंद्रीकृत डीएल जारी करने की तैयारी है और इसके लिए जिला मुख्यालय के अधिकारियों से भी सुझाव मांगे गए हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों की मानें तो आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक दिन में डाटा परिवहन आयुक्त कार्यालय पहुंचेगा।
दूसरे दिन डीएल ऑल इंडिया रजिस्ट्रर में दर्ज होगा। तीसरे दिन डीएल मुख्यालय से जारी होगा। अगले चार दिनों के अंदर डीएल आपके घर के पते पर पहुंच जाएगा। यानि एक सप्ताह में डीएल घर पहुंचाने का दावा है।