बनारस के भरलाई स्थित दलित बस्ती का मासूम बाबूलाल शिवपुर स्थित सब्जी मंडी और देसी शराब ठेका के आसपास हर दिन भीख मांगता है। बुधवार को भी रात करीब साढ़े नौ बजे वह ठेका के पास शराब पी रहे लोगों से खाना खाने के लिए रुपये मांग रहा था। इसी बीच ठेका के बाहर शराब पी रहे काले रंग के मोटे से व्यक्ति ने फायर कर दिया। गोली बाबूलाल को लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
फायरिंग होने पर शराब पी रहे लोगों में भगदड़ मच गई। शराब ठेका और आसपास की दुकानों के शटर धड़ाधड़ नीचे गिर गए। वहां से गुजर रहे सिकरौल निवासी आशीष से वारदात की जानकारी पाकर सामाजिक कार्यकर्ता अमन यादव की मदद से बाबूलाल को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया।
रात करीब 11 बजे उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली बाबूलाल के बाएं जबड़े पर और आरपार हो गई। सूचना पर शिवपुर और कैंट थानाध्यक्ष के साथ सीओ कैंट पहुंचे। एएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
ठेका के सेल्समैन सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। उधर, परिजनों ने बताया कि तीन भाई और दो बहन में बाबूलाल तीसरे नंबर का है। बड़ी बहन शादी करके अलग रहती है, जबकि बड़ा भाई बाऊलाल, बाबूलाल, छोटा भाई मंगल और चार साल की बहन साथ रहते हैं। मां-बाप की मौत के बाद सभी भीख मांग कर गुजर-बसर करते हैं।