नहीं बनी बात, छात्रों का धरना जारी
एसवीडीवी में डॉ. फिरोज की नियुक्ति के विरोध में धरने पर बैठे छात्रों की मांगों पर तीसरे दिन बुधवार को भी बात नहीं बन सकी और उनका धरना जारी रहा। संकाय गेट पर बैठे छात्रों ने बीएचयू प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को जो मांग पत्र दिया गया था, उस पर सही जवाब नहीं दिया जा रहा है। जब तक मांगें मान नहीं ली जाती हैं, तब तक धरना जारी रहेगा।
फिरोज के विरोध में पोस्टरवार, नियुक्ति को बताया गलत
डॉ. फिरोज की नियुक्ति के विरोध में कैंपस में पोस्टरवार शुरू हो गया है। छात्रों ने पहले संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के मेन गेट के पास पोस्टर लगाए थे, लेकिन अब भारत कला भवन चौराहे के साथ ही सेंट्रल आफिस जाने वाली सड़क, कला संकाय आदि जगहों पर भी अलग-अलग पोस्टर लगने शुरू हो गए हैं। इसमें संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में डॉ. फिरोज की नियुक्ति को गलत बताया गया है। एक अन्य पोस्टर में ‘संकाय में डॉ. फिरोज का प्रवेश वर्जित है’ लिखा है।