ओपीडी से इमरजेंसी तक कुत्तों का डेरा
मंडलीय, जिला और शहर के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी और इमरजेंसी वार्डों के आसपास भी आवारा कुत्तों का जमावड़ा रहता है। सोमवार को मंडलीय अस्पताल की ओपीडी के बाहर कुत्ते घूमते दिखे। यही हाल इमरजेंसी और महिला अस्पताल के वार्ड के आसपास का भी रहा, जहां मरीजों को हर पल खतरे का अंदेशा रहा। सिक्योरिटी गार्ड तो बैठे रहते हैं, लेकिन वह भी कभी इन्हें भगाने की जरूरत नहीं समझते हैं।
अस्पताल प्रशासन की ओर से नगर निगम को कई बार पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व के आदेशों के बावजूद आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। मरीजों के परिजन इस लापरवाही को लेकर प्रशासन और नगर निगम दोनों पर नाराजगी जता रहे हैं।