कोविड काल में मुंबई से मनीष की गिरफ्तारी के बाद से इनाम राशि समाप्त हुई और अब जंसा के अस्पताल संचालक उदय वर्मा से एक करोड़ की रंगदारी मांगने में मनीष सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। यह मनीषा कोईराला के सचिव अजीत देवानी की हत्या में आरोपी है। क्राइम ब्रांच और एसटीएफ को भी इसकी तलाश है।
पिछले माह रंगदारी के आरोपी मनीष के भाई सचिन सिंह को जंसा पुलिस ने मुंबई के मांटूगा रोड से गिरफ्तार किया था। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि गैर जनपद के जेल में बंद एक कुख्यात अपराधी का संरक्षण मनीष को मिला है। पुलिस के अनुसार इन मोस्ट वांटेड अपराधियों का लोकेशन हाल में वाराणसी समेत पूर्वांचल तक में नहीं मिली है। अधिकतर आरोपियों की फोटो और परिजनों तक की कोई थाह नहीं है।
बीकेडी बना हुआ है रहस्य, जिंदा है या मारा गया
अदालत में पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के चचेरे भाई सतीश सिंह की हत्या और चंदौली जिले के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह खलनायक के ऊपर भोजूबीर के अजय विहार कॉलोनी में फायरिंग के बाद इंद्रदेव सिंह उर्फ बीकेडी का नाम सामने आया। पुलिस ने बीकेडी, राजेश सिंह, वरुण सिंह, राकेश यादव, बिरादर यादव समेत सात लोगों के नाम कैंट पुलिस ने चिह्नित किए थे।
पूर्वांचल में 2013 से पहले बीकेडी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। दो घटनाओं के अलावा पुलिस ने कभी भी बीकेडी को किसी मुकदमे में आरोपी भी नहीं बनाया। एक दशक के बाद भी पुलिस रिकॉर्ड में भले ही बीकेडी का नाम है, लेकिन जरायम से जुड़े लोगों में चर्चाएं है कि बीकेडी की हत्या हो चुकी है। कुछ लोग यह भी बताते है कि बीकेडी वेश बदलकर शहर में आवाजाही करता है। बीकेडी एक रहस्य की तरह बना हुआ है।
कॉलोनाइजर की हत्या के आरोपी बनारसी और फौजी है पेशेवर
21 अगस्त को सारनाथ के कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की सिंहपुर में प्लॉट पर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाइक सवार तीन बदमाशों में दो शूटरों ने गोली बरसाई थी। पहचान गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के गौरहट निवासी बनारसी यादव और गाजीपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिमरा फैज निवासी अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू के रूप में हुई।
पहले पुलिस ने इन पर 25-25 हजार इनाम घोषित किया और फिर अपर पुलिस आयुक्त अपराध की ओर से 50-50 हजार इनाम बढ़ाया था। अब कमिश्नरेट पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। मोबाइल का उपयोग नहीं करने के कारण इन दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बीच में इनकी लोकेशन कर्नाटक, मुंबई में मिली थी। एसटीएफ भी दोनों को तलाश रही है।
शूटरों की गिरफ्तारी के लिए कमिश्नरेट पुलिस दबिश दे रही है। दोनों आरोपी बनारसी और फौजी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। - प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन