वाराणसी। सावन के अंतिम सोमवार और बकरीद की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह और एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने शहर के अलग अलग स्थानों का निरीक्षण किया। काशी विश्वनाथ मंदिर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने एक ही समय नमाजियों एवं श्रद्धालुओं की होने वाली भीड़ को व्यवस्थिति करने के लिए एसपी सुरक्षा तथा मंदिर के अधिकारियों को निर्देशित किया। पुलिस लाइन, ताड़ीखाना तिराहा, विद्यापीठ और फातमान रोड पर बनी मस्जिदों का दौरा किया। पुलिस लाइन के पास यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के आवागमन तथा नमाज अदायगी के दौरान के परेशानी से बचने के लिए व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया। ताड़ीखाना तिराहे के पास जमा गंदा पानी एवं कीचड़ की साफ-सफाई ठीक से कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद विकास भवन सभागार में बकरीद के मद्देनजर अल्पसंख्यक समुदाय के साथ बैठक कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं गंगा जमुनी तहजीब के साथ मनाने को कहा। कहा कि कोई भी कार्य ऐसा न किया जाय, जिससे किसी को दिक्कत हो। उन्होंने साफ-सफाई तथा कुर्बानी के अवशेषों को एक जगह एकत्रित कराने का भी निर्देश दिया ताकि उसका निस्तारण भी ठीक ढंग से किया जा सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।