यूपी बोर्ड परीक्षा में पहले के मुकाबले अब केंद्रों पर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नए सिरे से मानीटरिंग शुरू हो गई है। इसमें केंद्रों पर कॉपी, पेपर रखे जाने के साथ ही उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी से निगरानी सहित अन्य सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है। इस बीच जिलाधिकारी ने केंद्रों का औचक निरीक्षण कर यहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर अपनी मौजूदगी में पेपर को डबल लॉक आलमारी में सील कराया।
बोर्ड की 24 मार्च से शुरू हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में शनिवार को कोई परीक्षा नहीं थी, लेकिन सभी केंद्रों पर सोमवार को होने वाली परीक्षाओं की तैयारियां चलती रहीं। बलिया में इंटरमीडिएट अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद और भी सतर्कता बरती जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम में भी कर्मचारी केंद्रवार सीसी कैमरे की मानीटरिंग के साथ ही पेपर रखे जाने आदि की रिपोर्ट तैयार करते रहे। इस बीच जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राध्यक्ष से पेपर, कॉपी की सुरक्षा आदि से जुड़े बिंदुओं की जानकारी मांगी। इस दौरान आगामी दिनों में होने वाली परीक्षाओं के पेपर को डबल लॉक में मौके पर ही सील कराया। उन्होंने परीक्षा के दौरान भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल में विज्ञान, इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान, गणित की परीक्षा होगी।