डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम बड़ालालपुर में निर्माणाधीन सिंथेटिक प्ले ग्राउंड में लापरवाही पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने उत्तरप्रदेश बिजली निगम (यूपीपीसीएल) के परियोजना प्रबंधक (पीएम), सहायक अभियंता और अवर अभियंता को तत्काल निलंबित करने की संस्तुति की है। इस काम को कराने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किए जाने के साथ ही धनराशि की रिकवरी के लिए रिकवरी सर्टिफिकेट(आरसी) जारी करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक को तीन दिन में वाराणसी आकर स्थलीय निरीक्षण के लिए भी कहा।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा मंगलवार को कैंप कार्यालय में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के अभियंताओं को निर्देशित किया कि सीर गोवर्धन में निर्माणाधीन कार्य युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर तत्काल पूरा कराएं। इसका प्रधानमंत्री के आगामी दौरे के दौरान लोकार्पण होना है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित अन्य कार्रवाई संस्थाओं को सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किए जाने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि इसमें लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भी उन्होंने अपने निर्माणाधीन कार्यों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराए जाने का निर्देश दिया।
फोटो
डीएम ने बेटे के साथ लगवाया सशस्त्र सेना झंडा दिवस का बैज
वाराणसी। सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपने आवास पर सैन्य कर्मियों से सशस्त्र सेना झंडा दिवस का बैज लगवाया और सैन्य कर्मियों के सहायतार्थ धनराशि भी उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने अपने बेटे अथर्व को भी बुला कर उसे भी सशस्त्र सेना झंडा दिवस का बैज लगवाया। अथर्व ने भी सेना के सहायतार्थ धनराशि उपलब्ध कराई। इस अवसर पर डीएम ने स्मारिका का लोकार्पण भी किया। ब्यूरो