मंडुवाडीह स्टेशन को मिला आईएसओ सर्टिफिकेट :
मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन को सुविधाओं और गुणवत्ता, पर्यावरण और स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए तीन अलग-अलग आईएसओ सर्टिफिकेट मिला है। पिछले कुछ सालों से स्टेशन पर सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। इसका लाभ यात्रियों को मिला है।
कार्यालय में सफाई कर डीएम ने संभाला स्वच्छता का मोर्चा :
सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बुधवार से मोर्चा संभाला। उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय में भ्रमण कर सभी पटलों पर मेज, कुर्सी, कंप्यूटरों पर जमी धूल साफ करने का निर्देश दिया। इससे पहले कचहरी परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों और बार काउंसिल पदाधिकारियों के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि वार्डों, तहसील, ग्राम पंचायतों में यह अभियान तब तक चलेगा, जब तक बाहर से आने वाले यह न कहने लगें कि बनारस साफ सुथरा शहर है। सभी कम्युनिटी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापारी संगठनों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ, संस्थाओं, स्कूल कॉलेजों सहित सिविल डिफेंस को भी जिम्मेदारी दी गई है।
ऐसी जगहों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्हें कूड़ा मुक्त क्षेत्र घोषित किया जा सके। जो लोग इधर उधर कूड़ा फेंक रहे हैं, पहने उन्हें टोकेंगे और नहीं माने तो जुर्माना लगाएंगे। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित चिकित्सालय में भी जाकर स्वच्छता का जायजा लिया और टूटे दरवाजे को ठीक कराने और वाशरूम की मरम्मत के निर्देश दिए।